Description
भक्तिप्रतिपादक ग्रन्थों में प्रस्तुत ग्रन्थ “श्रीभगवद्भक्तिरसायनम्” का विशिष्ट महत्व है जिसकी रचना परमभागवत श्री मधुसूदन सरस्वती ने की है। यह ग्रन्थ तीन उल्लासों में विभक्त है- भक्तिसामान्य-निरूपणम्, भक्तिविशेषनिरूपणम् एवं भक्तिरसनिरूपणम् । श्री सरस्वती द्वारा स्वोपज्ञ टीका केवल प्रथम उल्लास की ही प्राप्त हुई है । उनकी टीका की विशेषता है कि उन्होंने प्रमाणोदाहरण के रूप में श्रीमद्भागवत महापुराण से प्रचुरतया श्लोकों को उद्धृत किया है। कुछ उदाहरण विष्णु पुराण से और श्रीमद्भगवद्गीता से भी हैं। उसी का यहाँ हिन्दी अनुवाद प्रस्तुत किया गया है।
प्रस्तुत ग्रन्थ में भक्तिरस के विवेचन का और टीका में उदाहरणस्वरूप वर्णित भगवद्वचनों का सार यह है कि नित्य प्रयास और अभ्यास से मन की सांसारिक विषयों के प्रति आसक्ति को क्षीणः शनैः शनैः समाप्त कर मन में भगवान के आकार की स्थापना करना जिसके परिणामस्वरूप स्वयं के कर्तापन के अहंकार को त्यागकर जो कुछ भी कर्म किये जायें भगवान को समर्पित कर देना या यों कहें सभी कर्म भगवान के निमित्त ही करना, यही भगवद्भक्ति है। जिस प्रकार साधन-चतुष्टय सम्पन्न साधक ब्रह्मविचार में रत होकर परम पुरुषार्थ मोक्ष को प्राप्त कर लेता है उसी प्रकार केवल भक्तिमार्ग का अवलम्बन करके परमानन्द भगवद्भक्ति रूपी परम पुरुषार्थता की सिद्धि होती है। यही इस रचना का प्रयोजन भी है।
About the Author
यतिवर श्री मधुसूदन सरस्वती (स्थितिकाल सोलहवीं शताब्दी के उत्तरार्ध और सत्रहवीं शताब्दी के पूर्वार्ध के मध्य) का जन्म बंगाल प्रान्त के फरिदपुर मण्डलान्तर्गत कोटलीपाड़ा परगने में स्थित उनसिया गाँव में हुआ था। इनके पूज्य पिता पं. पुरन्दर भट्टाचार्य ने इन्हें साहित्य और व्याकरण शास्त्र का प्रारम्भिक अध्ययन कराया। पश्चात् ये नवद्वीप के प्रसिद्ध पं. श्री हरिराम तर्कवागीश की सेवा में न्यायशास्त्र का अध्ययन करने लगे। काशी में श्री माधव सरस्वती से मीमांसाशास्त्र तथा श्री शातानन्द से वेदान्त का समय अध्ययन किया। कहीं श्री विश्वेश्वर सरस्वती से संन्यास की विधिवत् दीक्षा ली । जहाँ जाकर और उन्होंने वेदान्त पर “अद्वैतसिद्धि” जैसा प्रौढ़ ग्रन्थ लिखा तो श्रीकृष्णभक्ति में अनुरक्त होकर “श्रीभगवद्भक्तिरसायनम्” जैसा ग्रन्थ भी लिखा। मोक्षपुरी काशी में निवास करते हुए अगाध पण्डित श्री सरस्वती पूर्ण आयु प्राप्त करके प्रायः १०० वर्ष की अवस्था में परमधाम को सिधारे।
अनुवादक आचार्य पं. श्रीकृष्ण पन्त (१९०४-१९९८) का जन्म वर्तमान उत्तराखण्ड के अल्मोड़ा जनपद में कोसी नदी के किनारे बसे ग्राम मलेरा में हुआ। अपनी प्रारम्भिक शिक्षा के पश्चात् काशी में संस्कृत महाविद्यालय में १९२२ में प्रवेश लेकर कक्षा: मध्यमा, शास्त्री परीक्षा विश्वविद्यालय में प्रथम श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्तीर्ण किया। आचार्य (साहित्य) परीक्षा में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। पश्चात् वे सेनानिवृत्त न्यायमूर्ति श्री नित्यानन्द पाण्डेय के आग्रह पर काशी में स्थित श्री विश्वनाथ पुस्तकालय के अध्यक्ष बने। उनकी पावन स्मृति को अक्षुण्ण बनाने के लिए प्रो. अमरनाथ पाण्डेय जी द्वारा सम्पादित स्मृति ग्रन्थ “पुण्यश्लोक” का भव्य प्रकाशन कराया गया है।
सम्पादक प्रभुनाथ द्विवेदी (पूर्व प्रोफेसर एवं अध्यक्ष) महात्मा गाँधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के संस्कृत विभाग में कार्यरत रहे।