Description
यत्रास्ति भोगो नहि तत्र मोक्षः, यत्रास्ति मोक्षो न हि तत्र भोगः ।
श्रीसुन्दरी-साधन-तत्पराणां, भोगश्च मोक्षश्च करस्थ एव ।।
इस संसार में बड़े-बड़े सिद्ध एवं साधकों ने 'सप्तशती' पर अपनी वाणी को पवित्र करने के लिए शास्त्र-साधना, अनुभव, भक्ति, प्रेम एवं आनन्द में विभोर होकर अपने-अपने श्रेष्ठतम विचारों को साधकों के हितार्थ व्यक्त किया था, वर्तमान में कर रहे है तथा भविष्य में भी करेंगे।
आचार्य श्री नागोजी भट्ट (भास्कर राय जी) ने 'सप्तशती' की गुप्तवती टीका एवं टिप्पणी में आनन्दातिरेक के कारण भाव-विभोर होकर विनम्र भाव से यह कह ही दिया कि मैं अत्यन्त गोपनीय रहस्य को प्रकाश में ला रहा हूँ, पुनरपि यह अत्यल्प ही है, क्योंकि कोई कह नहीं सकता।
इस परमाराध्य सर्वाराध्य 'सप्तशती' पर अनेक संस्कृत टीकाएँ और भाष्य हिन्दी-बंगला-महाराष्ट्रीय आदि भारतीय भाषाओं सहित व विदेशी भाषा (अंग्रेजी) में भी विद्यमान है तथा भक्तों, देशिकों, विद्वानों एवं महापुरुषों ने अपनी-अपनी शैलियों में इस गूढ़ रहस्य को बुद्धिगम्य बनाने की चेष्टा की है तथा इसे आधिभौतिक, आध्यात्मिक एवं आधिदैविक अर्थों से विभूषित कर समय-समय पर भगवती की इच्छा से ही प्रकट किया है।
दुर्गा नाम का अर्थ :- १. द-कार, २. अ-कार, ३. रेफ, ४. ग-कार और ५. आ-कार-इन ५ वर्षों के योग से मन्त्र स्वरूप "दुर्गा" नाम की निष्पत्ति होती है। इसका अर्थ है-
दैत्य-नाशार्थ वचनो, दकारः परिकीर्तितः ।
उकारो विघ्न-नाशस्य, वाचको वेद-सम्मतः ।।
रेफो रोगघ्न-वचनो, गश्च पापघ्न-वाचकः ।
भय-शत्रुघ्न-वचश्चाकारः परि-कीर्तितः ।।
अर्थात् दैत्यों (असुरों) के नाश के अर्थ को द-कार बतलाता है, उ-कार विघ्न का नाशक वेद-सम्मत है। र-कार रोग का नाशक, ग-कार पाप का नाशक और आ-कार भय तथा शत्रु का विनाशक है। इस प्रकार "दुर्गा" नाम अपने आप में यथार्थ का बोधक है। यथा
दुर्-दुःखात् गमयति दुर्गा, दुर्-दुःखेन गम्यते दुर्गा ।
दुर् दुःखानि गमयति दुर्गा, दुर् दुर्गतिं (नरकं) गमयति, दूरयति सा दुर्गा।
दुर् दुर्दशां गमयति (नाशयति) सा दुर्गा, दुर् दुराशां गमयति, दूरयति सा दुर्गा।
दुर् दुरितानि पापानि गमयति, विनाशयति सा दुर्गा।
दुर् दुराचारं दोषं वा गमयति, दूरं करोति सा दुर्गा ।